बोकारो: जिले में अपराधियों के बढ़ते हौसले एक बार फिर सामने आए हैं. बीएस सिटी थाना क्षेत्र में कैंप टू स्थित एसपी कार्यालय से महज कुछ दूरी पर मॉर्निंग वॉक कर रही एक वृद्ध महिला से बाइक सवार दो अपराधियों ने 14 ग्राम सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.



जानकारी के अनुसार राम दुलारी देवी सुबह उत्पाद विभाग कार्यालय के पास टहलने निकली थीं. वापस लौटने के दौरान डीटीओ कार्यालय के समीप बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे. एक बदमाश ने काले गमछे से अपना चेहरा ढक रखा था. उसने पहले महिला के गले से चेन छीनने की कोशिश की. इस दौरान महिला सड़क पर गिर गई. इसके बाद बदमाश ने दोबारा गले में हाथ डालकर करीब 14 ग्राम सोने की चेन छीन ली और साथी के साथ बाइक से फरार हो गया.
महिला ने शोर मचाया. लेकिन सुबह होने के कारण सड़क पर लोगों की आवाजाही कम थी. इसका फायदा उठाकर दोनों अपराधी मौके से भाग निकले.
घटना की सूचना मिलते ही बीएस सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. एसपी और डीसी कार्यालय के नजदीक हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





