रांची: राजधानी रांची के अशोक नगर में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया गया है, जो लग्जरी जगुआर कार से विभिन्न राज्यों में रेकी कर हाई- प्रोफाइल मकानों को निशाना बनाता था. पुलिस ने गिरोह से जुड़े लोगों के कब्जे से 17 लाख 36 हजार 200 रुपये नकद, चोरी के सोने के आभूषण तथा चोरी में प्रयुक्त ब्लू रंग की जगुआर कार (UP78EM0101) बरामद की है.



पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर निवासी निशित केसरी और अखिलेश पांडेय के घरों में चोरी की घटना हुई थी. मामले में अरगोड़ा थाना कांड संख्या-172/26 दर्ज कर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं वरीय पुलिस उपाधीक्षक हटिया के नेतृत्व में विशेष एसआईटी का गठन किया गया.
जांच के दौरान एसआईटी ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल लोकेशन एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया. जांच के आधार पर कोलकाता सहित कई स्थानों पर छापेमारी कर चोरी में प्रयुक्त जगुआर कार, नकदी और सोने के आभूषण बरामद किए गए.
पुलिस ने जांच में गिरोह के तीन कथित सदस्यों इरफान उर्फ उजाले उर्फ बाबा उर्फ आर्यन, अफरोज उर्फ समीर उर्फ समीम तथा नवीन शर्मा की पहचान होने की बात कही है. पुलिस ने इरफान और अफरोज के घरों पर छापेमारी कर उनकी पत्नियों गुलशन प्रवीण और शकीला उर्फ लाडली को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, दोनों के कब्जे से चोरी के आभूषण और नकदी बरामद हुई है. गिरोह के मुख्य आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
पुलिस का दावा है कि गिरोह का कथित सरगना इरफान उत्तर प्रदेश, दिल्ली, गोवा, कर्नाटक, गुजरात, तेलंगाना, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, केरल, बिहार और पंजाब सहित कई राज्यों में चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहा है. कानपुर, आगरा, दिल्ली, गाजियाबाद, सूरत, हैदराबाद, पुणे, बेंगलुरु, सीतामढ़ी और जालंधर समेत विभिन्न शहरों में उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार, उसके विरुद्ध विभिन्न राज्यों में करीब 80 आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस ने बताया कि पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.





