खरसावां: सरायकेला- खरसावां जिले में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार ट्रैक्टरों को जब्त किया है. बताया जा रहा है कि सभी ट्रैक्टर तमाड़ (रांची) की ओर से अवैध रूप से बालू लादकर खरसावां क्षेत्र में प्रवेश कर रहे थे. इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर खरसावां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों ट्रैक्टरों को पकड़ लिया. हालांकि कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर चालक मौके से फरार होने में सफल रहे.

पुलिस ने जब्त ट्रैक्टरों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार खरसावां- रड़गांव मार्ग पर लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध बालू परिवहन की शिकायत मिल रही थी. इसके बाद पुलिस ने विशेष निगरानी शुरू की और यह कार्रवाई की गई.
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक चांडिल और तमाड़ क्षेत्र से अवैध रूप से बालू की सप्लाई खरसावां, तमाड़ और आसपास के इलाकों में चोरी- छिपे की जा रही थी. पुलिस की कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि जिले की नई पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के पदभार संभालने के बाद अवैध खनन और बालू कारोबार के खिलाफ लगातार सख्ती बढ़ाई जा रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार अब इस मार्ग पर रात्रि गश्ती भी बढ़ाई जाएगी, ताकि रात के अंधेरे में अवैध बालू परिवहन करने वाले ट्रैक्टर और हाइवा वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके. पुलिस का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.



