चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में पिछले दो-तीन दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश का असर अब जनजीवन पर भी दिखाई देने लगा है. सोनुआ प्रखंड के डाऊ-सकोड़ा निर्माणाधीन मार्ग पर पहाड़ की मिट्टी धंस जाने से सड़क पूरी तरह बंद हो गई है. पिछले दो दिनों से आवागमन ठप रहने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.



जानकारी के अनुसार, डाऊ-सकोड़ा निर्माणाधीन सड़क के दोनों ओर पहाड़ की कटाई की गई थी. लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ की मिट्टी और मलबा सड़क पर आ गिरा. जिससे सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई है.
सड़क बंद होने से डाऊ, सकोड़ा और आसपास के गांवों के लोगों का लोढ़ाई तथा सोनुआ बाजार से संपर्क प्रभावित हो गया है. आवश्यक कार्यों के लिए आने-जाने में ग्रामीणों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है.
वहीं, लोढ़ाई स्कूल जाने वाले स्कूली बच्चों की भी परेशानी बढ़ गई है. सड़क बंद रहने के कारण उन्हें विद्यालय पहुंचने में दिक्कत हो रही है.
लगातार बारिश के कारण सड़क से मिट्टी और मलबा हटाने का कार्य भी अभी तक शुरू नहीं हो सका है. ऐसे में मार्ग कब तक बहाल होगा, इसे लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक





