सरायकेला: जिला खेल संघ के तत्वावधान में आयोजित जिला फुटबॉल लीग अर्जुन कप-2026 में गुरुवार को खेले गए दोनों मुकाबले रोमांच से भरपूर रहे. पहले मैच में दीनबंधु फुटबॉल क्लब, चक्रधरपुर ने रीडिंग फुटबॉल क्लब को 2-1 से हराकर प्रतियोगिता में अपनी पहली जीत दर्ज की. वहीं, दूसरे मुकाबले में सेरेंगदा फुटबॉल क्लब ने मजबूत मानी जा रही आरएफटीसी, खरसावां को 1-0 से शिकस्त देकर प्रतियोगिता का बड़ा उलटफेर कर दिया.



पहले मुकाबले में दीनबंधु फुटबॉल क्लब ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया. मैच के 16वें मिनट में देवराज मुर्मू ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई. दूसरे हाफ में रीडिंग फुटबॉल क्लब ने वापसी करते हुए 48वें मिनट में जीतेन हेंब्रम के गोल की बदौलत मुकाबला 1-1 से बराबरी पर ला दिया.
बराबरी के बाद मुकाबला और रोमांचक हो गया. मैच के 56वें मिनट में देवराज मुर्मू ने एक बार फिर शानदार गोल कर अपनी टीम को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिलाई. इसके बाद दीनबंधु फुटबॉल क्लब ने बढ़त बरकरार रखते हुए प्रतियोगिता में अपनी पहली जीत दर्ज की. इससे पहले टीम के लगातार दो मुकाबले बराबरी पर समाप्त हुए थे.
दिन का दूसरा मुकाबला सेरेंगदा फुटबॉल क्लब और आरएफटीसी, खरसावां के बीच खेला गया. दोनों टीमों ने पूरे मैच में शानदार खेल का प्रदर्शन किया. पहले हाफ में दोनों टीमें गोल करने में सफल नहीं हो सकीं और मुकाबला गोलरहित रहा.
दूसरे हाफ में सेरेंगदा फुटबॉल क्लब के रोहिन लोहरा ने बेहतरीन गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई. इसके बाद आरएफटीसी, खरसावां ने बराबरी के लिए लगातार आक्रामक प्रयास किए, लेकिन सेरेंगदा की मजबूत रक्षा पंक्ति और गोलकीपर के शानदार प्रदर्शन के आगे उसके सभी प्रयास विफल रहे. निर्धारित समय तक सेरेंगदा ने 1-0 की बढ़त बनाए रखी और प्रतियोगिता का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया.
दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों के जुझारूपन, तेज गति और बेहतरीन तालमेल ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया. बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी बिरसा मुंडा स्टेडियम में मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया.
24 जुलाई के मुकाबले
स्थान: बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला.
पहला मैच.
समय: दोपहर 2:00 बजे.
एनएससी बुरुडीह बनाम एमएलसी भेलाईडीह.
दूसरा मैच.
समय: अपराह्न 3:30 बजे.
सुमित फुटबॉल क्लब, सीनी बनाम एबीपी टेंगाडीह, नीमडीह.
प्रमोद सिंह (संपादक)





