सरायकेला: ऐतिहासिक रथ मेला की भीड़ के बीच एक शिक्षिका का मोबाइल चोरी हो गया. लेकिन सरायकेला थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई और टेक्निकल सेल की सक्रियता से महज आधे घंटे के भीतर मोबाइल बरामद कर लिया गया. पुलिस की इस तत्परता की क्षेत्र में सराहना हो रही है.


जानकारी के अनुसार, हंसाउड़ी निवासी शिक्षिका रूनू नंदा रथ मेला देखने पहुंची थीं. इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी उचक्के ने उनका मोबाइल फोन चोरी कर लिया. घटना का पता चलते ही उन्होंने तत्काल सरायकेला थाना पहुंचकर थाना प्रभारी विनय कुमार को इसकी सूचना दी.
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनय कुमार ने तत्काल टेक्निकल सेल को सक्रिय किया. मोबाइल की लोकेशन के आधार पर पुलिस ने खोजबीन शुरू की. पुलिस की त्वरित कार्रवाई का परिणाम यह रहा कि करीब आधे घंटे के भीतर मोबाइल बरामद कर लिया गया.
मोबाइल के साथ मिले युवक से पुलिस ने पूछताछ की. हालांकि, मोबाइल स्वामिनी की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई. इसलिए पूछताछ के बाद युवक को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया.
मोबाइल वापस मिलने के बाद शिक्षिका रूनू नंदा ने सरायकेला थाना पुलिस का आभार जताया. उन्होंने कहा कि यदि पुलिस तत्काल सक्रिय नहीं होती, तो उनका मोबाइल वापस मिलना संभव नहीं था. उन्होंने पुलिस की तत्परता और ईमानदार प्रयास की सराहना की.
मोबाइल बरामदगी की कार्रवाई में मोबाइल टाइगर टीम के अनिल कुमार और राजेश उरांव की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही. उनकी तकनीकी सहायता और सक्रियता से पुलिस को कम समय में सफलता मिली.
रथ मेला की भीड़ के बीच हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि समय पर सूचना मिलने और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा संभव है.
प्रमोद सिंह (संपादक)





