जामताड़ा: रेलवे सेवाओं को बेहतर बनाने और यात्री सुविधाओं में सुधार के उद्देश्य से पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल की ओर से बुधवार को स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत जामताड़ा समेत मंडल के 10 रेलवे स्टेशनों पर रेल जन संवाद एवं जन सुझाव कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस पहल के माध्यम से रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों की जानकारी ली. आसनसोल मंडल के अंतर्गत आसनसोल, दुर्गापुर, अंडाल, रानीगंज, सीतारामपुर, जामताड़ा, जसीडीह, दुमका, पांडबेश्वर और पानागढ़ रेलवे स्टेशनों पर आयोजित कार्यक्रम में यात्रियों को अपनी बात रखने का अवसर दिया गया. संवाद के दौरान यात्री सुविधाओं, स्टेशन परिसर की साफ-सफाई और रेल यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने जैसे विषयों पर सुझाव आमंत्रित किए गए.


रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को प्रोत्साहित किया कि वे स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं और यात्री सेवाओं में सुधार के लिए अपने विचार साझा करें. इस पहल का उद्देश्य यात्रियों की जरूरतों को समझना, उनकी समस्याओं को सामने लाना और रेलवे सेवाओं को अधिक यात्री अनुकूल बनाने की दिशा में प्रयास करना है.
वहीं, दुर्गापुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में Gen Z यानी युवा पीढ़ी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. विद्यार्थियों ने यात्री सुविधाओं, स्वच्छता और रेल यात्रा के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए. कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी के माध्यम से सार्वजनिक सेवाओं में उनकी राय और सहभागिता के महत्व को भी रेखांकित किया गया.
रेल जन संवाद को यात्रियों की अपेक्षाओं को समझने और जनभागीदारी के माध्यम से रेलवे सेवाओं में सुधार के लिए एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. आसनसोल मंडल का कहना है कि स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत इस तरह के कार्यक्रमों से यात्रियों और रेलवे प्रशासन के बीच संवाद मजबूत होगा. साथ ही, स्वच्छ स्टेशन, बेहतर यात्री सुविधाओं और सुरक्षित एवं आरामदायक रेल यात्रा के लिए सुधार के नए अवसरों की पहचान करने में मदद मिलेगी.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

