आदित्यपुर: दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान शांति समिति के वरिष्ठ सदस्य रवींद्र नाथ चौबे ने उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के समक्ष आदित्यपुर की बढ़ती यातायात समस्या और पार्किंग व्यवस्था का मुद्दा उठाया. उन्होंने आदित्यपुर- कांड्रा मुख्य मार्ग पर वाहनों के बढ़ते दबाव और दुर्घटनाओं को देखते हुए जल्द फ्लाईओवर निर्माण कराने की मांग की.


रवींद्र नाथ चौबे के अनुसार इस मांग पर उपायुक्त ने बताया कि आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य मार्ग पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है. डीपीआर तैयार होने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी कर फ्लाईओवर निर्माण की दिशा में कार्रवाई होगी.
आकाशवाणी के सामने पार्किंग बनाने का प्रस्ताव
चौबे ने आकाशवाणी चौक के सामने स्थित भूखंड को पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने की मांग भी रखी. इस पर नगर आयुक्त ने कहा कि यदि संबंधित जमीन किसी निजी व्यक्ति की नहीं है और सरकारी स्तर पर उपलब्ध है तो वहां पार्किंग स्थल विकसित करने की संभावना पर काम किया जा सकता है.
उन्होंने आदित्यपुर फुटबॉल मैदान को व्यवस्थित तरीके से विकसित करते हुए वहां अंडरग्राउंड पार्किंग और छोटे ऑडिटोरियम के निर्माण का प्रस्ताव भी उपायुक्त के समक्ष रखा. इसके अलावा जियाडा के पीछे की सड़क को अतिक्रमण मुक्त कर दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग स्थल विकसित करने की मांग की.
रवींद्र नाथ चौबे ने कहा कि आकाशवाणी चौक और आसपास की यातायात व्यवस्था को स्थायी रूप से सुधारने के लिए फ्लाईओवर के साथ सुनियोजित पार्किंग व्यवस्था विकसित करना जरूरी है.

