जामताड़ा: पवित्र उमरा हज की अदायगी के लिए शनिवार देर रात जामताड़ा से तीन हाजी मक्का-मदीना के लिए रवाना हुए. सरखेलडीह निवासी अबुल हुसैन तथा पाकडीह निवासी नूर अली खान अपनी पत्नी के साथ उमरा यात्रा पर निकले. उनकी रवानगी के अवसर पर जामताड़ा रेलवे स्टेशन पर परिजन, रिश्तेदार, मित्रों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही. पूरे माहौल में धार्मिक आस्था, अपनापन और भावुकता का अनूठा संगम देखने को मिला.


रवानगी से पूर्व जामताड़ा रेलवे स्टेशन पर इमाम मौलाना अख्तर राजा ने विशेष दुआ कराई. उन्होंने अल्लाह से हाजियों की यात्रा को सुरक्षित, आसान और मकबूल बनाने की प्रार्थना की. साथ ही सभी से अपील की कि हरम शरीफ पहुंचकर देश, राज्य, जामताड़ा जिले तथा पूरी इंसानियत की खुशहाली, अमन-चैन और तरक्की के लिए भी दुआ करें.
दुआ के बाद उपस्थित लोगों ने हाजियों से गले मिलकर उन्हें उमरा की मुबारकबाद दी और शुभ यात्रा की शुभकामनाएं दीं. विदाई के भावुक क्षणों में कई लोगों की आंखें नम हो गईं. लोगों ने हाजियों से अपनी दुआओं में याद रखने का अनुरोध भी किया.
जानकारी के अनुसार, सभी हाजी जामताड़ा रेलवे स्टेशन से इंटरसिटी एक्सप्रेस के माध्यम से रांची के लिए रवाना हुए. वहां से वे हवाई मार्ग से सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का और मदीना पहुंचेंगे. जहां वे उमरा की धार्मिक रस्में अदा करेंगे.
मौके पर उपस्थित लोगों ने कहा कि उमरा हज की यात्रा हर मुसलमान के लिए अत्यंत पवित्र और सौभाग्यपूर्ण अवसर होती है. सभी ने हाजियों की सकुशल यात्रा और उमरा की कबूलियत के लिए सामूहिक रूप से दुआ की तथा शुभकामनाओं के साथ उन्हें विदा किया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





