आदित्यपुर: नगर निगम के वार्ड संख्या-11 स्थित भाटिया बस्ती में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश है. क्षेत्रवासियों का आरोप है कि एक विद्यालय को पिछले कई वर्षों से चोर लगातार निशाना बना रहे हैं और लगभग हर छह महीने में यहां चोरी की वारदात होती है. इसके बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.



बीती रात चोरों ने मध्य विद्यालय भाटिया बस्ती से एकबार फिर से सबमरसिबल पंप और तार की चोरी कर ली. स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय से महज 50 मीटर की दूरी पर दो से तीन अवैध शराब भट्ठियां संचालित हो रही हैं, जहां दिन-रात असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है. उनका आरोप है कि अवैध शराब और जुआ के अड्डों के कारण क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं.

स्थानीय लोगों ने बताया कि अवैध शराब निर्माण और जुआ के अड्डों की शिकायत कई बार पुलिस और प्रशासन से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इससे लोगों में प्रशासन की कार्यशैली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है.
स्थानीय लोगों ने यह भी दावा किया कि तीन दिन पहले गम्हरिया अंचलाधिकारी के साथ भी इसी स्थान पर कुछ असामाजिक तत्वों ने अभद्र व्यवहार करने का प्रयास किया था. साथ ही आरोप लगाया कि यहां मौजूद कुछ लोगों द्वारा एसआईआर (SIR) फॉर्म नहीं भरने को लेकर भी धमकी दी गई. क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और पुलिस से अवैध शराब भट्ठियों व जुआ के अड्डों पर तत्काल कार्रवाई, चोरी की घटनाओं का खुलासा, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा विद्यालय और आसपास के क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है. उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में बड़ी घटना हो सकती है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





