
जमशेदपुर: साइबर ठगी से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने मंगलवार को जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित सरस्वती नगर, टुईलाडूंगरी में छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान टीम ने राजदीप नामक युवक से पूछताछ की, जिससे पूरे इलाके में हलचल मच गई. CBI की मौजूदगी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए.


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जांच में सामने आया है कि जिस मोबाइल सिम कार्ड का कथित रूप से साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खाते को खोलने में उपयोग हुआ था, वह राजदीप के नाम पर पंजीकृत है. इसी आधार पर CBI उससे पूछताछ कर रही है. हालांकि, फिलहाल एजेंसी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि युवक की मामले में प्रत्यक्ष संलिप्तता है या उसका नाम केवल दस्तावेजी जांच के दौरान सामने आया है.
इसी दौरान CBI की एक अन्य टीम टुईलाडूंगरी निवासी जसबीर सिंह के आवास पर भी पहुंची. वहां अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेजों की जांच की और कुछ बिंदुओं पर पूछताछ की. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनका इस मामले से सीधा संबंध है या उनसे केवल जांच के क्रम में जानकारी ली गई है.
CBI ने अब तक पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. एजेंसी साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क और बैंक खातों के इस्तेमाल सहित विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई और मामले में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





