
धनबाद: जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित जोड़ापीटल के पास मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में हजारीबाग पुलिस के एक आरक्षी की मौत हो गई, जबकि चार अन्य पुलिसकर्मी एवं चालक गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज धनबाद के एक निजी अस्पताल में चल रहा है.


जानकारी के अनुसार, चलकुशा थाना में पदस्थापित आरक्षी राम लखन यादव अपनी टीम के साथ धनबाद के मैथन थाना क्षेत्र में छापेमारी के लिए आए थे. कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस टीम सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे हजारीबाग लौट रही थी. इसी दौरान जोड़ापीटल के पास उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से पीछे से जा टकराई.
हादसा इतना भीषण था कि आगे की सीट पर बैठे आरक्षी राम लखन यादव की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं आरक्षी नरेश कुमार, आरक्षी ग्रीन पासवान, वाहन चालक तथा एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
मृतक के परिजन कामेश्वर चौधरी ने बताया कि राम लखन यादव झारखंड पुलिस में कार्यरत थे और ड्यूटी पूरी कर लौटने के दौरान यह हादसा हुआ. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





