
जमशेदपुर: शहर में अपराध नियंत्रण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वकारिब ने शुक्रवार देर रात बागबेड़ा थाना का औचक निरीक्षण किया. रात करीब 11 बजे हुए इस निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. एसएसपी ने थाना परिसर, अभिलेखों, ड्यूटी व्यवस्था तथा रात्रि गश्ती की तैयारियों का गहन निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को कानून- व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा- निर्देश दिए.


निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने निर्देश दिया कि केवल मुख्य सड़कों पर ही नहीं. बल्कि बागबेड़ा क्षेत्र की अंदरूनी गलियों और उन स्थानों पर भी नियमित एवं सघन गश्त की जाए. जहां देर रात असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता है. ऐसे संवेदनशील स्थानों की पहचान कर लगातार निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.
एसएसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अवैध आग्नेयास्त्र, अवैध चाकू तथा अन्य प्रतिबंधित हथियारों की बरामदगी के लिए विशेष जांच अभियान चलाने, संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच करने तथा एंटी क्राइम चेकिंग को और तेज करने का निर्देश दिया.
इसके अलावा थाना क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने, वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए पुलिस गश्ती बढ़ाने पर भी बल दिया गया.
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण और कानून- व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. पुलिस पूरी मुस्तैदी और जवाबदेही के साथ कार्य करेगी. आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी.





