बोकारो: रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है. घटना पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के नागेन मोड़ के पास एनएच-32 की है. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे स्थित चाय-नाश्ते की दुकान में जा घुसा.


हादसे के वक्त दुकान में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई.
दुकान में घुसा अनियंत्रित ट्रेलर, मची अफरा-तफरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह नागेन मोड़ के पास ट्रेलर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रेलर सीधे सड़क किनारे स्थित दुकान में घुस गया. इस हादसे में दो लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि 10 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. घायलों की वास्तविक संख्या और उनकी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.
मौके पर पहुंची पुलिस, घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क जाम कर दिया. दुर्घटना के कारण सड़क पर आवागमन प्रभावित होने की सूचना है.
हादसे में मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल दुर्घटना के कारणों और मृतकों की पहचान को लेकर विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

