
चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-12 स्थित मल्लिक स्टोर के समीप सड़क की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनी हुई है. हल्की बारिश होते ही सड़क पर जलजमाव हो जाता है, जिससे राहगीरों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. सबसे अधिक दिक्कत स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है.


प्रतिदिन इस मार्ग से सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं, लेकिन सड़क पर जमा गंदे पानी के कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ता है. शुक्रवार को एक मार्मिक दृश्य देखने को मिला, जब एक मां अपने दो छोटे बच्चों को स्कूल पहुंचाने के लिए दीवार से सटी संकरी मिट्टी की पट्टी पर दोनों हाथों से संभालते हुए सड़क पार करा रही थी, जबकि स्वयं गंदे पानी में उतरकर चलने को मजबूर थी. यह दृश्य क्षेत्र की बदहाल व्यवस्था की हकीकत बयां कर रहा था.
स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड संख्या-12 में जलजमाव की समस्या वर्षों पुरानी है. हल्की बारिश के बाद भी सड़क पर पानी भर जाता है. इसके बावजूद अब तक न तो सड़क की मरम्मत कराई गई है और न ही जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की गई है. लोगों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई.
बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है. गंदे पानी के बीच से गुजरने के दौरान फिसलकर दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है. वहीं जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और संक्रामक बीमारियों के फैलने का भी खतरा बना हुआ है.
स्थानीय नागरिकों ने कपाली नगर परिषद, जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से वार्ड संख्या-12 स्थित मल्लिक स्टोर के समीप सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. उनका कहना है कि इससे स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और आम राहगीरों को राहत मिलेगी. लोगों का यह भी कहना है कि विकास के दावों के बीच ऐसी बदहाल सड़कें व्यवस्था पर कई सवाल खड़े करती हैं
रिपोर्ट: अफरोज मलिक





