जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत सीतारामडेरा थाना पुलिस ने हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुकू कर्मकार उर्फ सुकू लोहार (24) के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से एक देशी पिस्टल और मैगजीन बरामद की है.


सिटी एसपी ललित मीणा के अनुसार, 14 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मानगो बस स्टैंड के पास भुइयांडीह इलाके में एक युवक हथियार लेकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (नगर) की निगरानी में सहायक पुलिस अधीक्षक (मु.-1) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई.
पुलिस को देखकर नदी की ओर भागने लगा आरोपी
छापेमारी टीम जब पांडेय घाट पहुंची, तो पुलिस वाहन को देखकर एक संदिग्ध युवक मुख्य सड़क से नीचे स्वर्णरेखा नदी की ओर भागने लगा. पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और उसे नदी के पास पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके कंधे पर लटके पिट्ठू बैग से कपड़े में लपेटकर रखा गया काले रंग का एक देशी पिस्टल और मैगजीन बरामद की गई.
मासूक मनीष गिरोह से जुड़े होने का दावा
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह मासूक मनीष गिरोह के लिए काम करता है. पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है और वह हत्या तथा फायरिंग से जुड़े मामलों में जेल जा चुका है.
गिरफ्तार आरोपी का वर्तमान पता भुइयांडीह स्थित कानू भट्ठा, काली मंदिर के पीछे बताया गया है. वहीं, उसका स्थायी पता सीतारामडेरा के छायानगर स्थित मनसा मंदिर के पीछे का है.
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

