
जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र से 25 वर्षीय महिला अपनी 9 माह की बच्ची के साथ लापता हो गई है. मामले में परिजनों की शिकायत पर सोनारी थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है. पुलिस ने आम लोगों से महिला के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल सोनारी थाना को सूचित करने की अपील की है.


पुलिस के अनुसार, रघुवर तांती, पिता रूपचंद तांती, वर्तमान निवासी ज्योति मार्ग, कार्मेल स्कूल, सोनारी तथा स्थायी निवासी तिरुलडीह, चिपकी, थाना ईचागढ़, जिला सरायकेला- खरसावां ने आवेदन देकर बताया है कि उनकी पत्नी पुष्पा देवी (उम्र लगभग 25 वर्ष) 9 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2 बजे अपनी 9 माह की बच्ची को साथ लेकर बिना किसी को बताए घर से निकल गईं. इसके बाद से वह वापस नहीं लौटी हैं.
गुमशुदा महिला का कद लगभग 5 फीट बताया गया है. घटना के समय वह लाल रंग का सलवार- सूट पहने हुई थीं. सोनारी थाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को पुष्पा देवी या उनके साथ मौजूद बच्ची के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा सोनारी थाना को सूचित करें, ताकि दोनों का सुरक्षित पता लगाया जा सके.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





