सरायकेला: पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 को सरायकेला-खरसावां साइबर थाना की ओर से रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड, दुगनी स्थित प्लांट नंबर-09 में साइबर अपराध जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान करीब 150 कर्मचारियों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई.


अभियान के दौरान कर्मचारियों को बताया गया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी अलग-अलग तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं. ऐसे में मोबाइल फोन और इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है.
अनजान लिंक और APK फाइल से रहें सावधान
साइबर थाना की टीम ने कर्मचारियों को किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा अनजान एप्लीकेशन (APK फाइल) डाउनलोड या इंस्टॉल नहीं करने की सलाह दी. विशेष रूप से आरटीओ चालान, शादी के निमंत्रण, पीएम किसान योजना, बिजली बिल और केवाईसी अपडेट के नाम पर भेजी जाने वाली संदिग्ध APK फाइलों से सावधान रहने को कहा गया. बताया गया कि ऐसी फाइलें इंस्टॉल करने से मोबाइल और उसमें मौजूद निजी जानकारियों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है.

OTP, बैंक डिटेल और निजी जानकारी साझा न करें
अभियान में लोगों को आगाह किया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी, आधार नंबर, पैन नंबर या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें. लॉटरी, केबीसी और नौकरी दिलाने के नाम पर आने वाले फर्जी कॉल एवं संदेशों से भी सतर्क रहने की अपील की गई.
पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति खुद को सरकारी कर्मचारी बताकर फोन पर वित्तीय जानकारी मांगता है, तो ऐसी जानकारी बिल्कुल साझा न करें. नौकरी या किसी योजना में पंजीकरण के नाम पर मांगे जाने वाले संदिग्ध शुल्क का भुगतान करने से बचें और ऐसे मामलों की सूचना पुलिस को दें.
सोशल मीडिया पर पैसे मांगने वालों की करें पुष्टि
कर्मचारियों को फेसबुक और व्हाट्सएप पर होने वाली धोखाधड़ी के प्रति भी जागरूक किया गया. बताया गया कि साइबर अपराधी परिचित या रिश्तेदार बनकर पैसों की मांग कर सकते हैं. ऐसे में संबंधित व्यक्ति से सीधे बात कर उसकी पहचान की पुष्टि किए बिना किसी भी प्रकार का आर्थिक लेनदेन नहीं करना चाहिए.
साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल
जागरूकता अभियान के दौरान साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल कार्रवाई करने की सलाह दी गई. पीड़ितों को राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत कॉल करने, आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करने तथा नजदीकी थाना या साइबर थाना से संपर्क करने की जानकारी दी गई.
साइबर थाना, सरायकेला-खरसावां की ओर से लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें, ताकि ऑनलाइन धोखाधड़ी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह

