
बोकारो: चास थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. मंगलवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े एक एलआईसी एजेंट की बाइक की डिक्की से 3 लाख 50 हजार रुपये से भरा बैग उड़ा लिया और फरार हो गए.


जानकारी के अनुसार, खम्हार बेंदी गांव निवासी दिनेश चंद्र झा अपनी बेटी की शादी के लिए लिए गए कर्ज की राशि लौटाने के उद्देश्य से बैंक ऑफ इंडिया, गुरुद्वारा शाखा से साढ़े तीन लाख रुपये निकालकर बाइक की डिक्की में रखकर घर जा रहे थे. इसी दौरान जोधाडीह मोड़ चौक पर जाम में उनकी बाइक रुक गई.
इसी बीच एक व्यक्ति ने उन्हें बताया कि उनकी बाइक की डिक्की से रुपये से भरा बैग निकालकर बाइक सवार अपराधी आईटीआई मोड़ की ओर फरार हो गया है. जब तक पीड़ित कुछ समझ पाते और पीछा करते, तब तक अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे.
घटना की सूचना मिलते ही चास थाना प्रभारी दिनेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस ने बैंक पहुंचकर भी जानकारी जुटाई तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ने बताया कि घटना किस स्थान पर हुई, इसे लेकर पीड़ित स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहे हैं. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
Edited By Sarita





