
चाईबासा: जिले के सोनुआ थाना के समीप स्थित मार्केट कॉम्प्लेक्स को आखिरकार नया जीवन मिलने जा रहा है. करीब एक दशक पहले बने इस मार्केट कॉम्प्लेक्स की सबसे बड़ी खामी यह थी कि दुकानों का मुख्य द्वार सड़क की ओर नहीं था. इसी कारण अधिकांश दुकानें उपयोग में नहीं आ सकीं और पूरा परिसर वर्षों तक अपनी उपयोगिता साबित नहीं कर पाया.


अब जिला परिषद की पहल पर मार्केट कॉम्प्लेक्स के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू किया गया है. योजना के तहत दुकानों का प्रवेश द्वार सड़क की ओर खोला जाएगा, जिससे दुकानदारों और ग्राहकों को सीधा लाभ मिलेगा. साथ ही परिसर के सामने पेवर्स ब्लॉक भी बिछाए जाएंगे, जिससे आवागमन की सुविधा बेहतर होगी.

बुधवार को जिला परिषद सदस्य जगदीश नायक ने योजना का विधिवत शिलान्यास किया. उन्होंने कहा कि जीर्णोद्धार के बाद मार्केट कॉम्प्लेक्स का बेहतर उपयोग हो सकेगा और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा.
शिलान्यास कार्यक्रम में संवेदक विनोद लोहार, अरूप चटर्जी समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे. लोगों ने उम्मीद जताई कि वर्षों से अनुपयोगी पड़े मार्केट कॉम्प्लेक्स को अब नई पहचान मिलेगी और क्षेत्र के व्यापारियों को इसका लाभ मिलेगा.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक






