
सरायकेला. नगर पंचायत सरायकेला के वर्तमान बोर्ड ने अपने कार्यकाल के 100 दिन पूरे कर लिए हैं. इस अवसर पर नगर पंचायत सभागार में आयोजित विशेष कार्यक्रम में अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, उपाध्यक्ष अविनाश कवि एवं सभी वार्ड पार्षदों ने विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और आगामी कार्ययोजना का विस्तृत ब्यौरा जनता के समक्ष प्रस्तुत किया.


कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के स्थान पर पौधों में जल अर्पित कर की गई. इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का संदेश दिया गया. कार्यक्रम का मुख्य संदेश था – “विकास भी, पर्यावरण भी.”
अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि नगर पंचायत ने ऐसे समय में कार्यभार संभाला, जब सरायकेला पेयजल संकट, स्वच्छता, बिजली, परिवहन और अन्य आधारभूत सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रहा था. सीमित संसाधनों के बावजूद जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं.
उन्होंने बताया कि 22 दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया. वर्षों बाद जल शोधन केंद्र की व्यापक सफाई कराई गई. पेयजल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में योजनाओं पर कार्य प्रारंभ किया गया. आयुष्मान भारत योजना से सैकड़ों लोगों को जोड़ा गया तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए पात्र लाभुकों का चयन किया गया. नगर की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
अध्यक्ष ने उपाध्यक्ष अविनाश कवि और सभी वार्ड पार्षदों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि नगर पंचायत की उपलब्धियां किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं.
उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने कहा कि नगर पंचायत जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है. आने वाले दिनों में प्रत्येक वार्ड तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए और अधिक तेजी से कार्य किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि नगर के पेयजल संकट, रेलवे संपर्क, बस सेवा, बिजली व्यवस्था तथा सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण जैसे मुद्दों को लगातार सरकार और प्रशासन के समक्ष उठाया जा रहा है. इन विषयों पर सकारात्मक पहल की उम्मीद है.
कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष मनोज चौधरी ने घोषणा की कि जल्द ही “नगर पंचायत आपके द्वार” अभियान शुरू किया जाएगा. इसके तहत प्रत्येक वार्ड में शिविर लगाकर आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पेंशन तथा अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं लोगों के घरों के निकट उपलब्ध कराई जाएंगी.
इस अवसर पर स्वच्छता अभियान और प्रधानमंत्री आवास योजना के सफल क्रियान्वयन में योगदान देने वाले वार्ड पार्षदों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. अध्यक्ष ने कहा कि विकास की इस यात्रा में सफाई कर्मियों से लेकर अधिकारियों तक सभी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
अपने संबोधन में अध्यक्ष मनोज चौधरी ने बिना किसी का नाम लिए विरोधियों पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कुछ लोग 100 दिनों में ही दशकों पुरानी समस्याओं के समाधान की अपेक्षा कर रहे हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास वर्षों तक सत्ता, पद और प्रभाव था, उन्हें यह बताना चाहिए कि उनके कार्यकाल में सरायकेला विकास की कई महत्वपूर्ण कसौटियों पर पीछे क्यों रह गया. यदि समस्याओं का समाधान इतना आसान था तो जनता को वर्षों तक कठिनाइयों का सामना क्यों करना पड़ा.
अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान बोर्ड आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति नहीं, बल्कि समाधान और विकास की राजनीति में विश्वास रखता है. जनता का भरोसा केवल कार्यों के माध्यम से ही जीता जा सकता है.
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि ये 100 दिन किसी उपलब्धि का अंत नहीं, बल्कि सरायकेला को स्वच्छ, व्यवस्थित, विकसित और जनहितकारी नगर बनाने की लंबी यात्रा की मजबूत शुरुआत हैं. उन्होंने कहा कि नगर पंचायत वादों से नहीं, बल्कि कार्यों से जनता का विश्वास जीतने के लिए प्रतिबद्ध है.
नगर पंचायत बोर्ड के 100 दिन पूरे होने के साथ यह संकेत भी स्पष्ट हुआ है कि अध्यक्ष मनोज चौधरी और उपाध्यक्ष अविनाश कवि की जोड़ी आने वाले समय में विकास, जनसरोकार और राजनीतिक सक्रियता के केंद्र में बनी रह सकती है.
प्रमोद सिंह
संपादक






