
सरायकेला: आदित्यपुर नगर निगम के नव नियुक्त नगर आयुक्त एवं उपनगर आयुक्त के सम्मान में बुधवार को स्थानीय अटल पार्क सभागार में औपचारिक स्वागत एवं परिचय समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में नगर निगम की महापौर, उपमहापौर, सभी पार्षदगण एवं निगम के अधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे.


समारोह के दौरान महापौर एवं उपमहापौर सहित पार्षदों ने नव नियुक्त अधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर निगम क्षेत्र के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
महापौर ने कहा कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र लगातार विस्तार कर रहा है और यहां नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की बड़ी चुनौती है. उन्होंने उम्मीद जताई कि नव नियुक्त नगर आयुक्त एवं उपनगर आयुक्त के नेतृत्व में निगम की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी होगी तथा लंबित विकास योजनाओं को गति मिलेगी.
उपनगर आयुक्त और नगर आयुक्त ने भी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी. उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट, जलनिकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा.
बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने- अपने वार्डों की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को भी अधिकारियों के समक्ष रखा. अधिकारियों ने सभी समस्याओं पर सकारात्मक पहल का आश्वासन देते हुए कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी.
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. इस दौरान निगम क्षेत्र के समग्र विकास, पारदर्शी प्रशासन और जनहित से जुड़े कार्यों को गति देने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया गया.
Edited By Sarita






