
जमशेदपुर: साकची बसंत टॉकीज के समीप स्थित सब्जी मंडी में एक सब्जी विक्रेता की ईमानदारी ने समाज के सामने मिसाल पेश की है. मानगो निवासी महिला डॉक्टर डॉ. आरती का करीब ढाई लाख रुपये मूल्य का सोने का आभूषण खरीदारी के दौरान गुम हो गया था, जिसे एक सब्जी विक्रेता ने सुरक्षित लौटाकर अपनी ईमानदारी का परिचय दिया.


जानकारी के अनुसार, डॉ. आरती ने हाल ही में एक ज्वेलरी शोरूम से लगभग ढाई लाख रुपये का सोने का आभूषण खरीदा था. मंगलवार को वह साकची सब्जी मंडी में खरीदारी करने पहुंची थीं. इसी दौरान पर्स से पैसे निकालते समय उनका आभूषण कहीं गिर गया. काफी तलाश और पूछताछ के बावजूद जब आभूषण नहीं मिला तो उन्होंने साकची थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई.
बुधवार को मंडी के सब्जी विक्रेता अहमद को अपनी दुकान के पास वह आभूषण मिला. कीमती गहना मिलने के बावजूद उन्होंने लालच नहीं किया और इसकी सूचना संबंधित लोगों तक पहुंचाई. बाद में साकची थाना में महिला डॉक्टर को उनका आभूषण सुरक्षित लौटा दिया गया.
अपना खोया हुआ कीमती गहना वापस मिलने पर डॉ. आरती ने सब्जी विक्रेता अहमद का आभार जताया और उनकी ईमानदारी की सराहना की. वहीं स्थानीय लोगों ने भी अहमद के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज के समय में ऐसी ईमानदारी समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है.
Edited By Sarita






