जमशेदपुर: शहर में बकरी चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है. परसुडीह थाना क्षेत्र के शंकरपुर में बकरी चोरी करने पहुंचे चोरों ने किसी छोटे या पुराने वाहन का नहीं, बल्कि लग्जरी कार का इस्तेमाल किया. चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.


मामला शंकरपुर निवासी उमानाथ प्रमाणिक की चार बकरियों से जुड़ा है. बताया गया कि उन्होंने बकरियों को चारा खाने के लिए खुला छोड़ा था. बकरियां विद्यासागर पल्ली के एक सुनसान रास्ते के पास चर रही थीं.
इसी दौरान सुबह करीब 5:10 बजे सफेद रंग की एक कार वहां पहुंची. सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि कार को पीछे करते हुए गली के अंदर लाया गया. इसके बाद कार में बैठे व्यक्ति ने दरवाजा खोला और बकरी को अपनी ओर आकर्षित करने की कोशिश की.
जैसे ही बकरी कार के करीब पहुंची, आरोपी ने उसे उठाकर कार के अंदर डाल दिया और वहां से फरार हो गया. इसी तरीके से चार बकरियों की चोरी किए जाने की बात सामने आई है.
चोरी हुई बकरियों में सफेद, काली, लाल और काले-सफेद रंग की बकरी शामिल हैं. बताया जा रहा है कि इनमें तीन बकरियां बच्चे देने वाली थीं, जिससे पशुपालक को आर्थिक नुकसान भी हुआ है.
*सीसीटीवी में कार का नंबर कैद होने का दावा*
घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कार का नंबर JH05EF 9924 दिखाई देने का दावा किया गया है. हालांकि, वाहन और उसमें सवार लोगों की पहचान पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. बकरी मालिक उमानाथ प्रमाणिक ने मामले की शिकायत परसुडीह थाना में दर्ज कराई है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है.
पुलिस आरोपियों की पहचान करने के साथ उनके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है. चोरी हुई बकरियों की बरामदगी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं. इस घटना ने इलाके में चर्चा छेड़ दी है कि क्या अब बकरी चोर भी हाईटेक हो गए हैं ? जिस तरह लग्जरी कार का इस्तेमाल कर बकरी चोरी की गई, उससे घटना सुनियोजित होने की आशंका जताई जा रही है. अब देखना होगा कि सीसीटीवी फुटेज और कथित वाहन नंबर के आधार पर पुलिस आरोपियों तक कब पहुंचती है और चोरी हुई बकरियां कब बरामद होती हैं.

