
राजनगर: हाता- चाईबासा मुख्य मार्ग पर तेलाई गांव के समीप मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले स्कूटी सवार की पहचान हो गई है. मृतक की पहचान 63 वर्षीय लक्ष्मण चाम्पिया के रूप में हुई है. वह पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र के पड़ासा गांव के निवासी थे.


जानकारी के अनुसार लक्ष्मण चाम्पिया अपनी माएस्ट्रो स्कूटी (JH05AS1471) से चाईबासा की ओर से जमशेदपुर के छोटा गोविंदपुर जा रहे थे. इसी दौरान राजनगर थाना क्षेत्र के तेलाई गांव के पास सड़क किनारे खड़ी एक 407 वाहन से उनकी स्कूटी पीछे से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें तत्काल राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलने पर राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक विवाहित पुत्री को छोड़ गए हैं. परिवार के कमाऊ सदस्य की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे भारी वाहनों की अनियमित पार्किंग पर रोक लगाने, स्पीड ब्रेकर बनाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल






