
सुपौल: जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही वार्ड संख्या-4 स्थित दुर्गा मंदिर के पीछे मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अपने 12 वर्षीय बेटे के साथ मोबाइल टावर पर चढ़ गई. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई. पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गई.


टावर पर चढ़ी महिला की पहचान मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र निवासी गुड्डी देवी के रूप में हुई है. महिला का आरोप है कि करीब 10 वर्ष पहले उसका मोतीपुर निवासी अमरेंद्र ठाकुर के साथ दिल्ली-गुरुग्राम में प्रेम विवाह हुआ था. दोनों का एक 12 वर्षीय बेटा भी है. महिला का कहना है कि बाद में उसके पति ने दूसरी शादी कर ली और उसे घर से बेदखल कर दिया.
गुड्डी देवी ने आरोप लगाया कि न्याय की मांग को लेकर वह कई बार थाना और पुलिस अधिकारियों के पास गई, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. लगातार उपेक्षा से परेशान होकर उसने अपने बेटे के साथ मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध दर्ज कराया.
महिला ने कहा कि जब तक जिला पदाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वयं मौके पर पहुंचकर उसे न्याय का भरोसा नहीं देंगे, तब तक वह टावर से नीचे नहीं उतरेगी. महिला की जिद के कारण प्रशासन की चिंता बढ़ गई और पुलिसकर्मी लगातार उसे समझाने-बुझाने में जुटे रहे.
घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने टावर के आसपास लोगों की आवाजाही सीमित कर दी और भीड़ को दूर रहने की अपील की. समाचार लिखे जाने तक प्रशासन महिला और उसके बेटे को सुरक्षित नीचे उतारने तथा मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास कर रहा था. वहीं महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है.
Edited By Sarita






