सरायकेला: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को आमदा ओपी पुलिस ने आमदा बाजार में जागरूकता अभियान चलाया. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने पैदल मार्च निकालकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया.



पैदल मार्च आमदा बाजार के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा. इस दौरान पुलिस टीम ने दुकानदारों, युवाओं, अभिभावकों और आम नागरिकों से संवाद कर शराब, तंबाकू, गुटखा और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान की जानकारी दी. लोगों से नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की गई.
अभियान के दौरान पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी. साथ ही लोगों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.
आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान ने कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर चुनौती है. इससे केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरा परिवार प्रभावित होता है. उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून लागू करना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक कर नशामुक्त समाज का निर्माण करना है. उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों की ओर आगे बढ़ने तथा नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान का हिस्सा बनने की अपील की.
पुलिस की इस पहल का आमदा बाजार के लोगों ने स्वागत किया और कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह





