
चांडिल: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर रविवार को तिरुलडीह थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, अंजुमन कमेटी, अखाड़ा कमेटी तथा शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया और पर्व को आपसी भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया.


बैठक की अध्यक्षता चांडिल सर्किल इंस्पेक्टर रवि कुमार सिंह ने की. उन्होंने कहा कि मुहर्रम आस्था, अनुशासन और सामाजिक सौहार्द का पर्व है. सभी लोग प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें. उन्होंने कहा कि शांति भंग करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में मुहर्रम जुलूस के निर्धारित रूट, समय, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. प्रशासन ने बताया कि पर्व के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी ताकि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि आगामी 26 जून को चौड़ा मील मैदान में सामूहिक अखाड़ा का आयोजन होगा, जिसमें झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों से ताजिया जुलूस एवं अखाड़ा दल भाग लेंगे. इसे लेकर प्रशासन और आयोजन समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं.
बैठक में कुकड़ू प्रखंड उप प्रमुख मोहम्मद एकराम, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक साव, सब इंस्पेक्टर सोमा उरांव, नोवेल एक्का, चौड़ा के उप मुखिया लाल मोहम्मद सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे. सभी ने मुहर्रम पर्व को शांति, भाईचारे और आपसी सहयोग के साथ संपन्न कराने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा जताया.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर


