
सरायकेला: झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ सरायकेला- खरसावां की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को आत्मा सभागार में जिला मंत्री राजेश द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में आगामी जिला सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के साथ कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान पर व्यापक चर्चा की गई.


बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला सम्मेलन 12 जुलाई को आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा. इसके लिए स्थान चयन सहित सभी आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया. सम्मेलन को सफल और ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया.
बैठक में समाहरणालय, जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के कर्मचारी संगठनों, चिकित्सा कर्मियों, झारखंड राज्य आजीविका प्रोत्साहन सोसाइटी तथा अन्य विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया. सभी ने अपने-अपने विभागों से जुड़ी समस्याओं को विस्तार से रखा और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने पर जोर दिया.
सदस्यों ने प्रस्ताव रखा कि कर्मचारियों की समस्याओं पर नियमित चर्चा और त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक माह जिला कृषि कार्यालय परिसर, सरायकेला में संगठन की बैठक आयोजित की जाए. इस प्रस्ताव का बैठक में उपस्थित सदस्यों ने समर्थन किया.
जिला मंत्री राजेश द्विवेदी ने कहा कि कर्मचारियों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है. संगठन कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं को सरकार एवं प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत रहेगा. उन्होंने सभी कर्मचारियों से जिला सम्मेलन को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की.
बैठक में मलिन्द्र नाथ पारित, विजय कुमार, संतोष कुमार साहू, कृष्ण चंद्र सोय, महेश चंद्र मुंडा, कामेश्वर पड़िहारी, महेश पाणी, मंजीत कुमार सिंह, राजू महतो, मुकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं संगठन के सदस्य उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह


