
जमशेदपुर: परसुडीह थाना पुलिस ने मारपीट, अवैध प्रवेश और रंगदारी के एक पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस की इस कार्रवाई को मामले में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है.


गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तम गोप (39 वर्ष), पिता रमेश गोप, निवासी सुभाषनगर, काली मंदिर के निकट, छोटा गोविंदपुर, थाना परसुडीह, जिला पूर्वी सिंहभूम के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ परसुडीह थाना कांड संख्या 194/22, दिनांक 27 अगस्त 2022 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 341, 323, 447, 386 एवं 34 के अंतर्गत मामला दर्ज है. उस पर मारपीट, अवैध रूप से परिसर में प्रवेश करने और रंगदारी मांगने का आरोप है.
मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी. गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है. आवश्यकता पड़ने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक


