
जामताड़ा: प्रखंड अंतर्गत लाधना पंचायत के कित्ताजोर गांव में शनिवार शाम तेज आंधी और बारिश के बीच हुए वज्रपात ने एक परिवार पर कहर बरपा दिया. आसमानी बिजली गिरने से एक बैल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और उसका 10 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे गांव में अफरा- तफरी और दहशत का माहौल बन गया.


जानकारी के अनुसार, गांव निवासी चमक मुर्मू शनिवार शाम अपने 10 वर्षीय बेटे के साथ घर के पास पेड़ से बंधे बैल को लाने गई थीं. इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ वज्रपात हो गया. बिजली की चपेट में बैल, महिला और बच्चा आ गए. हादसा इतना भीषण था कि बैल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि मां- बेटा गंभीर रूप से झुलसकर बेहोश हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया. पंचायत की मुखिया पार्वती सोरेन, समाजसेवी परिमल मरांडी समेत कई लोगों ने घायलों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई और एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा.

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, महिला और बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है. दोनों का इलाज चिकित्सकों की निगरानी में जारी है. घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और सरकारी मुआवजा देने की मांग की है. लोगों का कहना है कि मानसून के दौरान वज्रपात की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान और सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता है.
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आंधी- बारिश और बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास जाने से बचें तथा मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर ही रहें.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल


