
जामताड़ा: जिले में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत शुक्रवार रात टावर चौक पर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब मोडिफाइड साइलेंसर लगे बुलेट वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई के बीच अचानक हंगामा शुरू हो गया और मौके पर धक्का-मुक्की व मारपीट की घटना सामने आई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला परिवहन कार्यालय की टीम द्वारा जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में टावर चौक पर बुलेट मोटरसाइकिलों में अवैध रूप से लगाए गए मोडिफाइड साइलेंसर की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान दो से तीन बुलेट बाइक में नियमों के विरुद्ध लगे मोडिफाइड साइलेंसर पाए गए, जिसके बाद संबंधित वाहनों को जब्त कर थाना भेज दिया गया।
इसी दौरान बताया गया कि कुछ अन्य बुलेट बाइक मौके पर खड़ी थीं, जिनकी निगरानी जिला परिवहन कार्यालय के कर्मी तौसीफ सतीश कर रहे थे। इसी बीच एक बुलेट चालक ने अपने साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग टावर चौक पर एकत्र हो गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ में शामिल कुछ लोग अचानक उत्तेजित हो गए और सड़क सुरक्षा टीम के कर्मी तौसीफ सतीश के साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की तत्परता से बड़ा विवाद टल गया और माहौल शांत कराया गया।
इस घटना के बाद सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान टीम की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दोषियों की पहचान की जा रही है।
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल


