
जामताड़ा: जिले के बिन्दापाथर थाना क्षेत्र में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना टल गई. पुरानी रंजिश को लेकर बेलियापुर फुटबॉल मैदान में एक युवक को देसी कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध देसी कट्टा बरामद किया है.


पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को मुड़ाबहाल गांव निवासी उज्जवल पंडित ने बिन्दापाथर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया कि बरदेही गांव निवासी परितोष गोराई, रवि महतो और उनके अन्य साथियों ने पुरानी रंजिश के कारण उसे बेलियापुर फुटबॉल मैदान में घेर लिया. इस दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और रवि महतो ने कमर से देसी कट्टा निकालकर उस पर तान दिया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) नाला के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया. छापेमारी के दौरान आरोपी रवि महतो को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में उसकी निशानदेही पर सालपतरा के पास सड़क किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया अवैध लोहे का देसी कट्टा बरामद किया गया.
इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी रवि महतो (19 वर्ष) और परितोष गोराई (18 वर्ष), दोनों निवासी बरदेही, को गिरफ्तार कर लिया. दोनों के विरुद्ध बिन्दापाथर थाना कांड संख्या 30/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a), 26 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
इस कार्रवाई में पुलिस पदाधिकारी अनुज कुमार, जितेन्द्र कुमार, हवलदार कैलाश चन्द्र शाह, आरक्षी विनय मुर्मू तथा चालक हवलदार पंकज कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश बताया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल


