बोकारो: जिले के चर्चित सचिन देव राय हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी धनंजय कर्मकार के खिलाफ पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके घर की कुर्की-जब्ती की है. इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है.


जानकारी के अनुसार 22 फरवरी 2026 को बोकारो रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे थाना क्षेत्र अंतर्गत टेंपो स्टैंड के सामने सचिन देव राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी.
पुलिस जांच में नाम सामने आने के बाद मुख्य आरोपी भोलू विश्वकर्मा को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. वहीं मामले का दूसरा आरोपी धनंजय कर्मकार घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था.
बताया जाता है कि करीब एक माह पूर्व न्यायालय द्वारा धनंजय कर्मकार के खिलाफ इश्तिहार जारी कर उसे सरेंडर करने का निर्देश दिया गया था. बावजूद इसके आरोपी ने अदालत के आदेश का पालन नहीं किया. इसके बाद न्यायालय के निर्देश पर रेलवे थाना और बालीडीह थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने उसके घर पहुंचकर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा. पुलिस का कहना है कि न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

