जामताड़ा: जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत फुलजोरी गांव के समीप सोमवार को हुए एक सड़क हादसे ने आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन हादसे के बाद वह काफी देर तक सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़ा रहा.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किसी अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि युवक सड़क किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और मूर्छित अवस्था में पड़ा रहा. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घायल की मदद का प्रयास करने लगे.

ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद एम्बुलेंस काफी देर तक घटनास्थल पर नहीं पहुंची. वहीं पुलिस की टीम भी समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी. इससे लोगों में नाराजगी देखने को मिली. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क दुर्घटना के मामलों में शुरुआती कुछ मिनट सबसे महत्वपूर्ण होते हैं, लेकिन समय पर राहत नहीं मिलने से घायल की स्थिति और गंभीर हो सकती है.
खबर लिखे जाने तक घायल युवक की पहचान नहीं हो सकी थी. स्थानीय लोग लगातार प्रशासन से घायल को जल्द अस्पताल पहुंचाकर समुचित इलाज उपलब्ध कराने की मांग कर रहे थे.
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा- तफरी का माहौल बना रहा. ग्रामीणों ने स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने तथा दुर्घटना की स्थिति में त्वरित राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर एम्बुलेंस और पुलिस सहायता उपलब्ध नहीं हो पाती है, तो दुर्घटना पीड़ितों की जान बचाना और भी कठिन हो जाता है. ऐसे में प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

