चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सांगठनिक विस्तार और आगामी रणनीतियों को धार देने के उद्देश्य से संगठन में बड़ा बदलाव किया है. वरिष्ठ भाजपा नेता केदारनाथ नायक को उनकी सक्रियता और निष्ठा को देखते हुए जिला मीडिया प्रभारी का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है. चक्रधरपुर में भाजपा के प्रदेश मंत्री सह जिला प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और जिला अध्यक्ष की सहमति से उनके नाम की आधिकारिक घोषणा की.


संगठन को उम्मीद है कि केदारनाथ नायक के लंबे सांगठनिक अनुभव का लाभ पार्टी को मिलेगा. वे सरकार और संगठन की जनपक्षीय नीतियों व उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे.
अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए नवनियुक्त जिला मीडिया प्रभारी केदारनाथ नायक ने कहा, “पार्टी नेतृत्व ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, मैं उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करूंगा. मीडिया और संगठन के बीच एक मजबूत सेतु का निर्माण करना और पार्टी की विचारधारा व जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता के सामने रखना मेरी मुख्य प्राथमिकता होगी.”
इधर, केदारनाथ नायक की नियुक्ति की खबर मिलते ही स्थानीय भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है. सभी ने उन्हें बधाई देते हुए केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया है.
रिपोर्ट – जयंत प्रमाणिक

