जामताड़ा: जिले के चित्रा-जामताड़ा मुख्य सड़क पर स्थित अजय नदी पुल पर बना बड़ा गड्ढा अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरे का कारण बन गया है. इस महत्वपूर्ण मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे और बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन पुल के बीचोंबीच बना यह गहरा गड्ढा किसी भी समय बड़े हादसे की वजह बन सकता है.


स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क की बदहाल स्थिति और समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है. ग्रामीणों और वाहन चालकों का कहना है कि रात के समय यह गड्ढा और भी अधिक खतरनाक साबित होता है. कई बार बाइक चालक अचानक संतुलन खो देते हैं, जिससे दुर्घटना का जोखिम बढ़ जाता है.
भारी वाहनों के गुजरने के दौरान पुल पर कंपन महसूस होने से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिले की कई सड़कों पर इसी तरह बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिसके कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं. कई लोग घायल हो चुके हैं, वहीं वाहन चालकों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है.
ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित विभाग की ओर से अब तक स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है. लोगों ने प्रशासन और पथ निर्माण विभाग से अजय नदी पुल पर बने इस खतरनाक गड्ढे की अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी अनहोनी को समय रहते रोका जा सके.
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सुरक्षित सड़क हर नागरिक का अधिकार है. विभाग को लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए.

