चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड में भारतीय जनता पार्टी द्वारा शनिवार को वन विश्रामागार में बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट-2) कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला का उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना तथा मतदाता सूची के सत्यापन और अद्यतन प्रक्रिया को प्रभावी बनाना था.


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बबन गुप्ता शामिल हुए. कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया. जिला अध्यक्ष गुरुचरण नायक ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया.

कार्यशाला को संबोधित करते हुए बबन गुप्ता ने बीएलए-2 कार्यकर्ताओं को वर्ष 2003 से 2026 तक के मतदाता आंकड़ों और बूथ मैपिंग के मिलान की प्रक्रिया की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है. कार्यकर्ताओं को तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई.
जिला अध्यक्ष गुरुचरण नायक ने संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया और कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार के गुर बताए.
कार्यक्रम के समापन पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया. उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया.
कार्यशाला में जिला कार्यालय मंत्री कृतिवास प्रधान, जिला उपाध्यक्ष अमरेश प्रधान, रविंद्र नाथ गुप्ता, जिला महामंत्री तीर्थ जामुदा, जिला मीडिया प्रभारी केदारनाथ नायक, गोइलकेरा प्रखंड अध्यक्ष हरिचरण बेहंदा समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

