राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल भीमखंदा में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. जहां बोंगबोंगा नदी में डूबने से चार वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है.


जानकारी के अनुसार गम्हरिया पंचायत के सोलगड़िया गांव से कुछ महिलाएं और बच्चे भीमखंदा में पूजा- अर्चना करने पहुंचे थे. इसी दौरान तीन छोटे बच्चे खेलते-खेलते नदी घाट के पास पहुंच गए. खेल के दौरान एक बच्चे का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया.
अन्य बच्चों द्वारा सूचना देने पर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा बच्चे को नदी से बाहर निकाला. इसके बाद उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
बताया जा रहा है कि मृत बच्चा धनबाद का रहने वाला था और गर्मी की छुट्टियां बिताने अपनी मां के साथ मामा के घर सोलगड़िया आया हुआ था. अचानक हुई इस घटना से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं.
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने नदी घाटों और पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा के लिए चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और निगरानी की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

