
सरायकेला: चांडिल थाना क्षेत्र से जुड़े एक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सरायकेला-खरसावां पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने त्वरित कार्रवाई की है. वीडियो में एक आदिवासी महिला के साथ कथित दुर्व्यवहार और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आने पर संबंधित सब-इंस्पेक्टर (एसआई) को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है.


पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है. जांच पूरी होने तक आरोपी एसआई पुलिस लाइन में रहेंगे और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है. स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. वहीं पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनता के साथ अनुचित व्यवहार या कर्तव्य के विपरीत किसी भी प्रकार की कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. एसपी ने भरोसा दिलाया है कि पूरे मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी तथा दोष सिद्ध होने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर


