जामताड़ा: जिले की बिंदापाथर पुलिस ने संवेदनशीलता और मानवता का परिचय देते हुए रास्ता भटककर थाना क्षेत्र पहुंची एक युवती को उसके परिजनों से मिलाने में सफलता हासिल की है. पुलिस की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है.


जानकारी के अनुसार दुमका जिले के जामा थाना क्षेत्र की रहने वाली सिलावती सोरेन किसी कारणवश अपने घर से भटककर बिंदापाथर थाना क्षेत्र के मुरहम गांव के पास पहुंच गई थी. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर थाना लाई.
युवती की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं होने के कारण उसकी पहचान और परिजनों तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था. इसके बावजूद थाना प्रभारी विनय कुमार यादव के निर्देश पर पुलिस टीम ने लगातार प्रयास जारी रखा. सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों का उपयोग किया गया तथा आसपास के कई थानों से संपर्क कर जानकारी जुटाई गई.
लगातार प्रयास और सूझबूझ के बाद पुलिस युवती की पहचान सिलावती सोरेन के रूप में करने में सफल रही. इसके बाद उसके परिजनों को सूचना देकर थाना बुलाया गया. आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवती को सकुशल उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया.
अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों ने बिंदापाथर पुलिस का आभार जताया. वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस मानवीय पहल की प्रशंसा करते हुए इसे जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

