जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर स्थित बिहारी बस्ती में पुरानी रंजिश को लेकर बुधवार रात जमकर बवाल हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि पहले मारपीट हुई और उसके बाद तीन राउंड फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.


मामले को लेकर रामजनम नगर निवासी समीर नाग ने कदमा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के अनुसार, वह अपने मित्र सन्नी गुप्ता और विकास तांती के साथ मरीन ड्राइव हाईवे के नीचे स्थित शौचालय के पास खड़ा था. इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह युवक वहां पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे.
बताया जाता है कि कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई. आरोपियों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे समीर नाग के सिर पर गंभीर चोट लगी. वहीं उसके दोनों साथी भी हमले में घायल हो गए.
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के बाद आसू कर्मकार नामक युवक ने जान से मारने की नीयत से तीन राउंड फायरिंग की. गोलीबारी होते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि गोली किसी को नहीं लगी और तीनों युवक मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. गोली चलने की खबर से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई. लोगों ने इलाके में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताई है.
इधर शिकायत मिलने के बाद कदमा थाना पुलिस हरकत में आ गई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल घायल युवकों का उपचार कराया गया है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है. क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है.
Edited By Sarita Mahato

