जमुई: कोचिंग की किताबें लेकर घर से निकली एक छात्रा का सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गया. गुरुवार सुबह जमुई जिले के खैरा बाजार में तेज रफ्तार गिट्टी लदे हाईवा ने साइकिल सवार छात्रा को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे इलाके में जनाक्रोश फूट पड़ा और देखते ही देखते माहौल हिंसक हो गया.


मृतक छात्रा की पहचान बरियारपुर गांव निवासी जितेंद्र रावत की पुत्री मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि मुस्कान रोज की तरह सुबह करीब सात बजे साइकिल से कोचिंग पढ़ने खैरा बाजार जा रही थी. जैसे ही वह पंच मंदिर के समीप पहुंची, तेज रफ्तार हाईवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्रा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. मुस्कान की मौत से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया और हाईवा वाहन में जमकर तोड़फोड़ की. लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की आवाजाही पर सवाल उठाए.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ का गुस्सा लगातार बढ़ता गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ उग्र लोगों ने पुलिस और थाना परिसर को भी निशाना बनाया तथा पथराव शुरू कर दिया. हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया.
स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवाई फायरिंग की. इसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. फिलहाल खैरा बाजार और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
इधर मुस्कान की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों ने बताया कि वह पढ़ाई में काफी होनहार थी और बेहतर भविष्य के सपने देख रही थी. उसकी असमय मौत ने न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है.
घटना के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा, तेज रफ्तार भारी वाहनों के संचालन और प्रशासनिक निगरानी को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं. स्थानीय लोगों ने दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है.
Edited By Sarita Mahato

