सरायकेला: जिला मुख्यालय स्थित उपायुक्त कार्यालय भवन का लंबे समय बाद कायाकल्प किया जा रहा है. जिला प्रशासन की ओर से भवन के विभिन्न हिस्सों के नवीनीकरण, रंग-रोगन, मरम्मत, सौंदर्यीकरण तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का कार्य शुरू कर दिया गया है. इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों एवं कर्मचारियों को बेहतर और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है.


जिला प्रशासन के अनुसार कार्यालय भवन को आधुनिक एवं सुविधायुक्त स्वरूप देने की दिशा में चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है. भवन के विभिन्न हिस्सों को नया रूप देने के साथ-साथ आवश्यक मरम्मत और सुविधाओं के उन्नयन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. इसी सोच के तहत उपायुक्त कार्यालय भवन के कायाकल्प की योजना पर कार्य शुरू किया गया है. उन्होंने कहा कि उपायुक्त कार्यालय जिले की प्रशासनिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है और लंबे समय से इसके नवीनीकरण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी.
उपायुक्त ने कहा कि नवीनीकरण कार्य पूरा होने के बाद कार्यालय परिसर अधिक आकर्षक, व्यवस्थित और जनसुविधा के अनुकूल स्वरूप में नजर आएगा. इससे आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा कर्मचारियों के लिए भी कार्य वातावरण अधिक सुविधाजनक और प्रभावी बनेगा.
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि कार्यालय भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक बेहतर प्रशासनिक केंद्र के रूप में विकसित हो सके.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

