चतरा: जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 7 लाख रुपये मूल्य की अफीम बरामद की है. साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है.


पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अफीम की खेप ले जाई जा रही है. सूचना के आधार पर गिद्धौर पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाया और आरोपी उदय दांगी को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में अफीम बरामद हुई.

पुलिस के अनुसार जब्त अफीम की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 7 लाख रुपये आंकी गई है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अफीम कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी.
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि तस्करी के इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. अधिकारियों का कहना है कि मामले में जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
गिद्धौर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशा कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.
Edited By Sarita Mahato

