धनबाद: जिला के बाघमारा क्षेत्र में एक बार फिर हिंसा ने लोगों को दहला दिया है. सोनारडीह ओपी क्षेत्र के बहियारडीह बस्ती में मंगलवार को गोलीबारी और बमबाजी की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. हमलावरों ने एक दुकानदार के घर और दुकान को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग की और बम फोड़े.


जानकारी के अनुसार, बहियारडीह निवासी दुकानदार दीपक साव पर जानलेवा हमला किया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने दीपक साव के घर और दुकान पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
स्थिति की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हमलावरों का दुस्साहस इतना था कि उन्होंने पुलिस को भी नहीं बख्शा. घटनास्थल पर पहुंची बरोरा थाना की गश्ती गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया गया. पुलिस ने मौके से दो खोखा बरामद किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है.
बाघमारा के एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने बताया कि गांव में पेयजल समस्या और अवैध कोयला खनन को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव था. ग्रामीणों का आरोप था कि अवैध खनन के कारण जलापूर्ति प्रभावित हो रही है. इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
वहीं स्थानीय मुखिया गिरजा देवी ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि निर्दोष लोगों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे विवाद की जड़ अवैध कोयला खनन है और प्रशासन को इस काले कारोबार पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. घटना के बाद पूरे बहियारडीह और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल है. पुलिस इलाके में कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

