जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित पुरानी सरजमदा में एक प्रेमी जोड़े को लेकर ग्रामसभा के फैसले के बाद विवाद खड़ा हो गया है. युवक ने आरोप लगाया है कि ग्रामीणों ने उसके साथ मारपीट कर जबरन शादी करवा दी, जबकि युवती ने युवक के साथ प्रेम संबंध होने और उसके साथ रहने की इच्छा जताई है. मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब पुलिस दोनों को थाने ले जाने पहुंची और ग्रामीणों ने पुलिस वाहन को घेरकर विरोध प्रदर्शन किया.


जानकारी के अनुसार पुरानी सरजमदा निवासी संजीद बारी और सोनिया करुआ रविवार को एक साथ बाहर गए थे. इसी दौरान युवती के परिजनों को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद गांव के माझी बाबा की मौजूदगी में ग्रामसभा बुलाई गई.
आरोप है कि ग्रामसभा में दोनों की शादी करा दी गई और युवती को युवक के घर में रखने का निर्णय लिया गया. युवक संजीद बारी का कहना है कि वह इस फैसले के खिलाफ था, लेकिन उसके साथ मारपीट कर जबरन युवती की मांग में सिंदूर भरवाया गया. दूसरी ओर सोनिया करुआ ने कहा कि वह पिछले चार महीनों से संजीद के संपर्क में थी और अपनी इच्छा से उसके साथ रहना चाहती है.
मामले की सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों और माझी बाबा ने पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया. पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति भी उत्पन्न हो गई.
जब पुलिस युवक और युवती को पूछताछ के लिए थाने ले जाने लगी तो ग्रामीणों ने वाहन को घेर लिया. कुछ युवक पुलिस वाहन के बोनट पर बैठ गए और रास्ता जाम कर दिया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए डीएसपी सुमित कुमार अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. परसुडीह और सुंदरनगर थाना पुलिस की मदद से हालात पर काबू पाया गया.
पुलिस युवक और युवती को सुरक्षित थाने ले गई. साथ ही पुलिस के साथ कथित दुर्व्यवहार करने वाले कुछ महिला और पुरुषों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. एक ओर युवती प्रेम संबंध की बात कह रही है, वहीं युवक ने प्रेम संबंध से इनकार करते हुए जबरन शादी कराने का आरोप लगाया है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

