आदित्यपुर: राष्ट्रीय जनता दल के संस्थापक और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का 79वां जन्मदिन 11 जून को धूमधाम से मनाया जाएगा. इस अवसर पर आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर सभागार में 79 पाउंड का केक काटा जाएगा. कार्यक्रम का आयोजन लालू विचार केंद्र के तत्वावधान में किया जा रहा है.


एक निजी होटल में आयोजित लालू विचार केंद्र की बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया. बैठक के बाद राजद के पूर्व प्रदेश महासचिव और लालू विचार केंद्र के संयोजक पुरेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि जन्मदिन समारोह 11 जून को सुबह 11 बजे आयोजित होगा.
बैठक की अध्यक्षता पूर्व पार्षद सिद्धनाथ सिंह यादव ने की जबकि संचालन युवा राजद जिला अध्यक्ष उदित यादव ने किया. बैठक में लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की सुरक्षा में की गई कटौती को वापस लेने की मांग भी उठाई गई.
पुरेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में झारखंड सरकार के उद्योग, श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है.
जन्मदिन समारोह के दौरान लालू प्रसाद यादव के जीवन और राजनीतिक सफर पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा. सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा. साथ ही लालू यादव की विचारधारा और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले पांच कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया जाएगा.
कार्यक्रम में भोजपुरी गायक राजेश रसिक यादव विशेष प्रस्तुति देंगे. वे लालू प्रसाद यादव के जीवन और राजनीतिक संघर्ष पर आधारित गीतों का मंचन करेंगे.
बैठक में सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई. लालू विचार केंद्र की ओर से आबादी के आधार पर सरकारी और निजी क्षेत्र में आरक्षण लागू करने की मांग उठाई गई. इसके अलावा ओबीसी वर्ग को विधानसभा, विधान परिषद, लोकसभा और राज्यसभा में आबादी के अनुरूप राजनीतिक आरक्षण देने की मांग को लेकर आंदोलन चलाने की घोषणा की गई.
बैठक में झारखंड के उद्योगों में 75 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार देने संबंधी प्रावधान को पूरी तरह लागू करने की मांग भी की गई. इस अवसर पर राजद और सामाजिक संगठनों से जुड़े कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

