बोकारो: जिले के बेरमो में गर्भवती महिला की मौत के बाद हुए सड़क जाम मामले ने अब राजनीतिक और कानूनी रूप ले लिया है. सड़क जाम आंदोलन में शामिल होने के आरोप में धनबाद के सांसद ढुल्लु महतो और डुमरी विधायक जयराम महतो समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.


जानकारी के अनुसार, ढोरी पांच नंबर क्षेत्र में गर्भवती महिला की हत्या के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग की थी. आंदोलन के दौरान सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे थे तथा पीड़ित परिवार के समर्थन में अपनी बात रखी थी.
बेरमो अनुमंडल पदाधिकारी के आवेदन पर दर्ज एफआईआर के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है. एक ओर समर्थक इसे जनता की आवाज उठाने वाले जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई बता रहे हैं, वहीं प्रशासनिक पक्ष इसे कानून- व्यवस्था से जुड़ा मामला मान रहा है.
उल्लेखनीय है कि गर्भवती महिला की हत्या के मामले में पुलिस छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आंदोलन और बंद का कार्यक्रम भी वापस ले लिया गया था. इसके बावजूद सड़क जाम मामले में दर्ज एफआईआर ने क्षेत्र की राजनीति को गर्मा दिया है. अब लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि इस मामले में आगे कानूनी प्रक्रिया किस दिशा में बढ़ती है और जनप्रतिनिधि इस कार्रवाई पर क्या रुख अपनाते हैं.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

