चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस को वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने एक अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनकी निशानदेही पर 20 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं.


मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधिकारी विनीत कुमार किंडो ने बताया कि 1 जून को नोवामुंडी क्षेत्र में चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी. इसके बाद नोवामुंडी, किरीबुरू, बड़ा जामदा और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी अभियान चलाया.
कार्रवाई के दौरान डुकासाई गांव से सोनू लोहरा उर्फ भोला और बाद में राज पूर्ति को गिरफ्तार किया गया. दोनों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से कुल 20 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं. बरामद वाहनों में एक्टिवा, पल्सर एनएस-200, सुपर स्प्लेंडर, यामाहा आर15, एफजेड, ग्लैमर, सीबी शाइन, फेजर, फसिनो और स्प्लेंडर प्लस समेत कई मॉडल शामिल हैं.

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह चोरी की बाइकों को सुनसान और ग्रामीण क्षेत्रों में छिपाकर रखता था और बाद में कम कीमत पर बेच देता था. पुलिस को आशंका है कि बरामद वाहन झारखंड के अलावा ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों से भी चोरी किए गए हैं. मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों के खरीददारों की तलाश जारी है.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जिनकी मोटरसाइकिल चोरी हुई है, वे संबंधित थाना या पुलिस कार्यालय से संपर्क कर वाहनों की पहचान करें. सत्यापन के बाद वाहन मालिकों को उनकी मोटरसाइकिल वापस सौंपने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.



